भोपाल, 1 अगस्त।
कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। जूडो में सागर की यामिनी मौर्य और वेटलिफ्टिंग में अजय बाबू ने रजत पदक जीतकर देश के लिए उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता पर मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के दो खिलाड़ियों का कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने बताया कि यामिनी मौर्य ने 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि अजय बाबू ने वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगी और उन्हें बड़े मंचों पर बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी मध्य प्रदेश और भारत के खिलाड़ी अधिक से अधिक पदक जीतेंगे।
शनिवार को मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने वीडियो कॉल के माध्यम से यामिनी मौर्य को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि मध्य प्रदेश और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है। साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं भी दीं।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की खेल नीति के अनुसार रजत पदक जीतने वाले यामिनी मौर्य और अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों को खेल नीति के प्रावधानों के अनुरूप सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा खेल वातावरण तैयार करना है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहें।






















