मुंबई, 1 अगस्त।
रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर निर्माताओं ने बड़ा अपडेट साझा किया है। फिल्म का नया पोस्टर जारी करने के साथ यह घोषणा की गई है कि इसका ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। नए पोस्टर में यश अपने किरदार 'राया' के रहस्यमयी अंदाज में दिखाई दे रहे हैं, जिसने प्रशंसकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है।
जारी किए गए पोस्टर में यश का केवल सिल्हूट नजर आता है और उनके हाथ में टॉमी गन दिखाई गई है। निर्माताओं ने इस बार भी फिल्म की कहानी से जुड़ी कोई नई जानकारी साझा नहीं की है। पहले जारी टीजर और पोस्टर्स की तरह नए पोस्टर को भी सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और दर्शक फिल्म की कहानी व यश के किरदार को लेकर अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं।
फिल्म का ट्रेलर लॉन्च 8 अगस्त को बेंगलुरु में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में किया जाएगा। यह दिन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसी तारीख को फिल्म की शूटिंग शुरू हुए दो वर्ष पूरे होंगे। माना जा रहा है कि ट्रेलर के माध्यम से पहली बार फिल्म की कहानी, किरदारों और इसकी दुनिया की विस्तृत झलक दर्शकों के सामने आएगी।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर ड्रामा फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी।
केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी यह फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट की गई है। इसके अलावा इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा। 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






















