बैतूल, 1 अगस्त।
मध्य प्रदेश के बैतूल-इंदौर हाईवे पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। वह अपनी बेटी और नवजात से मुलाकात कर घर लौट रहे थे। खेड़ी के पास पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार आईसीयू में जारी है।
मृतक की पहचान शंकर लोखंडे (48) के रूप में हुई है। वहीं, उनके साथ कार में सवार मनोज कनाठे (45) की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार शंकर लोखंडे अपनी बेटी से मिलने बैतूल आए थे। उनकी बेटी नोबल अस्पताल में भर्ती थी, जहां उसने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया था।
बेटी और नवजात से मुलाकात के बाद शंकर लोखंडे अपने साथी मनोज कनाठे के साथ आल्टो कार से गांव गोगामा लौट रहे थे। इसी दौरान खेड़ी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में शंकर लोखंडे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मनोज कनाठे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया है कि हादसे के बाद उनके एक पैर ने काम करना बंद कर दिया है, कमर में भी कोई मूवमेंट नहीं है और फिलहाल वे बोल भी नहीं पा रहे हैं।
अस्पताल पुलिस चौकी ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। खेड़ी पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।






















