छिंदवाड़ा, 1 अगस्त।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का 12वां जत्था शनिवार को रेलमार्ग से रवाना हुआ। सात सदस्यीय यह दल 4 अगस्त को बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन करेगा। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष के साथ यात्रा की शुरुआत की।
शिव शक्ति सेवा मंडल के सेवादार कृष्णा सेठिया और राकेश साहू ने बताया कि मंडल के माध्यम से इस वर्ष जिले के करीब एक हजार श्रद्धालुओं का बैंक और ऑनलाइन माध्यम से अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीयन कराया गया है। शनिवार को रवाना हुआ यह 12वां जत्था सात श्रद्धालुओं का है।
उन्होंने बताया कि नगर निवासी रंजन साहू 23वीं बार बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं और वही इस जत्थे का नेतृत्व कर रहे हैं। दल में बैसाकु मालवी, डॉ. हरिप्रसाद सतनामी, डॉ. मयंक साहू, सत्यनारायण झरिया, ऋतिक गौतम और शालिग्राम लागे शामिल हैं।
मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार दर्शन की निर्धारित तिथियों के अनुरूप जिले से अन्य श्रद्धालु भी लगातार अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। कुछ श्रद्धालु वायुमार्ग से भी यात्रा करेंगे। इस अवसर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।






















