ग्लासगो, 01 अगस्त।
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय एथलेटिक्स खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में प्रवीण चित्रवेल ने रजत पदक और सेल्वा प्रभु तिरुमारण ने कांस्य पदक जीतकर भारत को ऐतिहासिक डबल पोडियम दिलाया।
प्रवीण चित्रवेल ने चौथे प्रयास में 16.58 मीटर की छलांग लगाई और दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं सेल्वा प्रभु तिरुमारण ने 16.52 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ छलांग के दम पर तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
प्रवीण की शुरुआत अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। शुरुआती तीन राउंड के बाद वह 16.05 मीटर के प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर थे। तीसरे प्रयास में उन्होंने 16.31 मीटर की छलांग लगाई और चौथे प्रयास में 16.58 मीटर का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुछ समय के लिए शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। हालांकि अंत में उन्हें रजत पदक मिला।
दूसरी ओर, सेल्वा प्रभु तिरुमारण ने दूसरे प्रयास में 16.17 मीटर की छलांग लगाकर पदक की दौड़ में खुद को बनाए रखा। तीसरे प्रयास में उन्होंने इसे 16.43 मीटर तक पहुंचाया और आखिर में 16.52 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस डबल पोडियम के साथ ग्लासगो में एथलेटिक्स में भारत का शानदार अभियान जारी है। भारतीय खिलाड़ी लगातार पदक जीतकर देश की झोली में सफलता जोड़ रहे हैं और ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।






















