जयपुर, 01 अगस्त।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित शिक्षक भर्ती-2022 के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक और प्रमुख बिचौलिये को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने नागौर जिले के कुचेरा थाना क्षेत्र स्थित कसनियों का बास (देशवाल) निवासी सुरेश कासनिया को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसी को पूछताछ से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि पुलिस थाना एसओजी में दर्ज मामले के तहत सुरेश कासनिया को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2022 का प्रश्नपत्र निर्धारित समय और तिथि से पहले लीक करने की साजिश में उसकी अहम भूमिका रही।
जांच के मुताबिक, सुरेश कासनिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और उसकी तैयारी कराने का लालच दिया। इसके बदले परीक्षार्थियों से अवैध रूप से मोटी रकम वसूली गई। वह अभ्यर्थियों और पेपर लीक गिरोह के बीच संपर्क स्थापित करने के साथ धन के लेन-देन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।
एसओजी की जांच में सुरेश कासनिया की भूमिका पूरे नेटवर्क में मध्यस्थ के रूप में सामने आई है। वह प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने वाले गिरोह और अभ्यर्थियों के बीच कड़ी बनकर काम करता था तथा अवैध लेन-देन का समन्वय करता था। अब एजेंसी उसके माध्यम से नेटवर्क की अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है।
इस मामले में एसओजी इससे पहले प्रदीप कासनिया और बृजेन्द्र सांगवा उर्फ विज्जू को गिरफ्तार कर चुकी है। सुरेश कासनिया की गिरफ्तारी के बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
एसओजी अधिकारियों के अनुसार, आरोपित से पूछताछ के आधार पर पेपर लीक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी विस्तार से जांच की जा रही है।






















