आगरमालवा, 01 अगस्त।
मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले की पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे ट्रांजिट वारंट पर मध्य प्रदेश लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार बड़ौद थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद बालिका और परिजनों से पूछताछ तथा जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर उसे बहला-फुसलाया और अलग-अलग अवसरों पर सुनसान स्थानों पर बुलाकर धमकी देते हुए दुष्कर्म किया।
मामले में प्राप्त तथ्यों के आधार पर बड़ौद थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान आरोपी कृष्णपाल सिंह (21) निवासी ग्राम छायन, थाना बड़ौद के कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस टीम कर्नाटक पहुंची और विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए कृष्णपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कलबुर्गी न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट वारंट प्राप्त किया गया।
सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को मध्य प्रदेश लाया गया और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।





















