कोलकाता, 01 अगस्त।
बांग्लादेश की चर्चित लेखिका तसलीमा नसरीन के करीब दो दशक बाद कोलकाता आगमन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शनिवार शाम रवींद्र सदन में कुछ समय के लिए हंगामा हो गया। विवाद उस समय शुरू हुआ, जब तसलीमा नसरीन ने वरिष्ठ कवि जय गोस्वामी को मंच पर आने का आमंत्रण दिया।
कार्यक्रम के निर्धारित क्रम के अनुसार शुभेंदु अधिकारी द्वारा नागरिक सम्मान दिए जाने के बाद तसलीमा नसरीन अपने संबोधन के लिए मंच पर पहुंचीं। भाषण शुरू करने से पहले उन्होंने दर्शक दीर्घा में मौजूद जय गोस्वामी से मंच पर आने का आग्रह किया।
जैसे ही जय गोस्वामी अपनी सीट से उठे, सभागार में मौजूद कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए शोर-शराबा शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर जय गोस्वामी तुरंत वापस अपनी सीट पर बैठ गए। इस दौरान कुछ समय के लिए कार्यक्रम बाधित रहा और तसलीमा नसरीन भी अपना संबोधन रोककर मंच पर खड़ी रहीं। बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम फिर शुरू हुआ।
दर्शकों के एक वर्ग की नाराजगी की वजह जय गोस्वामी का तसलीमा नसरीन के निर्वासन के मुद्दे पर वर्षों से रहा मौन रुख और राज्य की पूर्व राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़ी उनकी निकटता को माना जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आयोजकों या जय गोस्वामी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






















