भोपाल, 01 अगस्त।
राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना पुलिस ने लक्ष्मण नगर स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में हुई चोरी का दो दिन के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने हबीबगंज, एमपी नगर और श्यामला हिल्स थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को फरियादी अमित मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई की रात सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर से चांदी का गिलास, चांदी का चम्मच और अन्य पूजा सामग्री चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष मरकाम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
31 जुलाई को सूचना मिलने पर पुलिस ने शैतान सिंह चौराहे से मोटरसाइकिल के साथ खड़े एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। उसका हुलिया सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए व्यक्ति से मेल खा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान प्रमोद राजपूत (42) निवासी कस्तूरबा नगर, गोविंदपुरा के रूप में बताई।
पूछताछ के दौरान प्रमोद राजपूत ने सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में हबीबगंज, एमपी नगर और श्यामला हिल्स थाना क्षेत्रों में भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इन मामलों में उससे आगे पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।






















