सिद्धार्थनगर, 01 अगस्त।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा स्थित ऐतिहासिक बुद्ध विपश्यना केंद्र, कपिलवस्तु (पिपरहवा) में 349.96 लाख रुपये की लागत से विकसित विपश्यना पार्क और लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण किया। इस परियोजना का उद्देश्य कपिलवस्तु की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए वैश्विक पर्यटन को बढ़ावा देना तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और विपश्यना के संदेश से जोड़ना है।
लोकार्पण के बाद सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डिजिटल चलचित्र और अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन, त्याग और उनके विचारों पर आधारित प्रस्तुति प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम में हरदीप सिंह पुरी का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह, कपिलवस्तु के विधायक श्याम धनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, निवर्तमान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान और भाजपा नेत्री पूजा पाल भी मौजूद रहीं।






















