भोपाल, 01 अगस्त।
पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल ने शनिवार को ‘उल्लास’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्देशानुसार अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के पीछे वन विभाग की भूमि पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने किया। अभियान के तहत एक हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
जिला न्यायपालिका, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, पैरालीगल वालंटियर्स तथा अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उनके अनुसार आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा सामूहिक सहभागिता से ही संतुलित पर्यावरण का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश राजर्षि श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्नीन्द्र कुमार द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव मुकेश नागपुरे, वन विभाग के एसडीओ धीरज सिंह चौहान, जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी, एसडीओपी अन्तिमा समाधिया, अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी मोहन सिंह, रेंज अधिकारी दीपक श्रीवास्तव सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सुनीत अग्रवाल ने सभी सहभागी संस्थाओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।






















