भोपाल, 01 अगस्त।
राजधानी भोपाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुरा थाना पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 534 ग्राम गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे तथा सहायक पुलिस आयुक्त उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में शाहपुरा थाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
31 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि दाना-पानी रोड पुलिया के पास एक युवक प्लास्टिक के थैले में गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अमन राजपूत निवासी ईश्वर नगर, शाहपुरा, भोपाल के रूप में बताई। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 534 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर विधिवत सील कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।





















