पाटण, 1 अगस्त।
राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ऑपरेशन गुणशंठार के तहत मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े हवाला नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गुजरात के पाटण से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित नशा तस्करों की अवैध कमाई को हवाला (अंगड़िया) नेटवर्क के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने और इसके बदले कमीशन लेने का काम करता था।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान ठाकर रमणलाल के रूप में हुई है, जो गुजरात के पाटण का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से सांचौर क्षेत्र में हवाला कारोबार से जुड़ा था। आरोप है कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त अवैध धनराशि को हवाला चैनल के जरिए सप्लायरों और खरीददारों तक पहुंचाता था तथा रकम के वास्तविक स्रोत और प्राप्तकर्ता की पहचान छिपाने में भूमिका निभाता था।
पुलिस के अनुसार मामले में नाम सामने आने के बाद आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए सांचौर छोड़कर अपने गृह नगर पाटण में रह रहा था। एएनटीएफ उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। तकनीकी सूचनाओं के आधार पर उसके ठिकाने की पुष्टि होने के बाद उसे पकड़ने की योजना बनाई गई।
आरोपित तक पहुंचने के लिए एएनटीएफ की टीम बिजली विभाग के कर्मचारियों के वेश में उसके घर पहुंची। बिजली का मीटर लगाने के बहाने दरवाजा खुलवाया गया। बाहर आए व्यक्ति से मीटर के नाम की जानकारी ली गई। उसने अपना नाम रमणलाल बताया, जिसके बाद पहचान की पुष्टि होते ही टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित पर 67 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई में एएनटीएफ की विभिन्न टीमों ने भाग लिया। अभियान में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।





















