प्रयागराज, 01 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने यूआईडीएआई की सुरक्षा प्रणाली को बायपास कर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन लैपटॉप, तीन एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन, चार फिंगर स्कैनर, 19 बायोमेट्रिक उपकरण, स्टोरेज डिवाइस सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त सागर जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के जगापुर निवासी लवकुश यादव और फतेहपुर के मूल निवासी पवन शरण, जो वर्तमान में कानपुर नगर में रह रहा है, के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में दर्ज मामले के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपित तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल कर यूआईडीएआई की अधिकृत प्रणाली को बायपास करते थे। इसके लिए वे दूसरे आधार ऑपरेटर की यूजर आईडी और पिन का दुरुपयोग कर अनधिकृत रूप से प्रणाली में प्रवेश करते और आधार अपडेट तथा नामांकन का कार्य करते थे।
पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि वर्ष 2020 में एक निजी कंपनी में आधार ऑपरेटर के रूप में काम करने के दौरान दोनों को इस प्रक्रिया की जानकारी मिली थी। बाद में कुछ लोगों के संपर्क में आने के बाद उन्होंने इस अवैध नेटवर्क के जरिए आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने का काम शुरू कर दिया। इसके बदले ऑपरेटर आईडी सक्रिय कराने और प्रत्येक आधार बनाने या अपडेट करने पर निर्धारित राशि वसूली जाती थी।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन लैपटॉप, तीन एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन, चार फिंगर स्कैनर, आठ स्टोरेज डिवाइस, 19 बायोमेट्रिक उपकरण, तीन हिसाब-किताब की बुकें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
सागर जैन ने कहा कि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी है। आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान प्रणाली का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।






















