ग्वालियर, 01 अगस्त।
पुलिस विभाग में शनिवार को आयोजित एक विदाई समारोह अपने अनोखे अंदाज के कारण चर्चा का विषय बन गया। सेवानिवृत्त हो रहे आईजी अरविंद सक्सेना को उनके अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने अलग अंदाज में सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह के दौरान आरक्षक सुनील यादव ने रस्सी को अपने दांतों से पकड़कर आईजी की कार को कार्यालय परिसर से बाहर तक खींचा। यह अनूठा दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियां बजाकर आरक्षक का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम में आईजी अरविंद सक्सेना को विशेष सम्मान के साथ विदाई दी गई।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह अनोखी विदाई सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इस अलग अंदाज की विदाई को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।






















