शिमला, 03 अगस्त।
राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों मोटरसाइकिल से शिमला की ओर आ रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब नौ ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दो अगस्त को स्पेशल सेल को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से हेलमेट के भीतर हेरोइन छिपाकर शिमला पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही टीम ने शोघी बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। इस दौरान शिमला निवासी ध्रुव सलोतरा (23) के हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग में सावधानी से छिपाई गई करीब नौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक दोनों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले की जांच जारी है।
















