नई दिल्ली, 06 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच गुरुवार शाम टेलीफोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और इज़राइल के बीच रणनीतिक संबंधों की प्रगति की समीक्षा की तथा द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार बातचीत में रक्षा, कृषि, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच जारी सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वार्ता के दौरान पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर भी दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ। क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा करते हुए दोनों पक्षों ने आपसी संपर्क बनाए रखने और संवाद जारी रखने पर सहमति जताई।














