भोपाल, 6 अगस्त।
राजधानी भोपाल में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक के दूसरे दिन गुरुवार को अधिकारी स्तर पर विभिन्न नीतिगत विषयों और प्रारूपों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार 10 देशों के वरिष्ठ अधिकारी तथा 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। दूसरे दिन की बैठक में संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र के मसौदे पर चर्चा प्रमुख विषय रहेगा।
बैठक के दौरान सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संग्रहालयों के विकास, सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योगों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण तथा ब्रिक्स देशों के बीच जन-जन के संपर्क को मजबूत करने जैसे प्राथमिकता वाले विषयों पर भी मंथन होगा।
कार्य समूह की बैठक समाप्त होने के बाद शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। इसके माध्यम से लोगों को सहभागी देशों की विविध और समृद्ध प्रदर्शन कला परंपराओं को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
दिनभर के कार्यक्रमों का समापन संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित रात्रिभोज के साथ किया जाएगा।














