काठमांडू, 06 अगस्त।
भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 16 अगस्त से नेपाल की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर काठमांडू पहुंचेंगे। यह दौरा नेपाली सेना प्रमुख जनरल अशोक सिग्देल के औपचारिक निमंत्रण पर हो रहा है। इस यात्रा को भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य सहयोग और रक्षा संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नेपाल प्रवास के दौरान जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना की ओर से 'मानार्थ महारथी' की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान दोनों देशों की सेनाओं के बीच पारंपरिक मित्रता, आपसी विश्वास और रक्षा सहयोग का प्रतीक माना जाता है।
17 अगस्त को राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में आयोजित विशेष समारोह में नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल भारतीय थलसेना प्रमुख को इस सम्मान से अलंकृत करेंगे। इस कार्यक्रम में नेपाल सरकार, नेपाली सेना तथा भारत के वरिष्ठ सैन्य और राजनयिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
भारत और नेपाल के बीच कई दशकों से चली आ रही परंपरा के तहत दोनों देशों के सेना प्रमुख एक-दूसरे की सेना के मानद जनरल की उपाधि से सम्मानित किए जाते हैं। इस परंपरा की शुरुआत 1950 के दशक में हुई थी और इसे दोनों देशों के विशेष रक्षा संबंधों का प्रतीक माना जाता है।
अपने दौरे के दौरान जनरल धीरज सेठ नेपाली सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों में भी भाग लेंगे। इन बैठकों में सीमा सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण, संयुक्त अभ्यास, आपदा प्रबंधन, क्षमता निर्माण और रक्षा सहयोग को और मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
















