दासपुर, 06 अगस्त।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के हाजराबेड़ गांव में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। चोर घर में रखा टेडी बियर फाड़कर उसके भीतर छिपाए गए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
मकान मालिक श्यामसुंदर मंडल ने बताया कि चार अगस्त को वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए भुवनेश्वर स्थित एम्स गए थे। उनका पुत्र राजत मंडल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहता है। घर में वृद्ध मां अकेली न रहें, इसलिए उन्हें एक रिश्तेदार के यहां छोड़ दिया गया था।
गुरुवार सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर दोनों अलमारियां खुली मिलीं और सामान बिखरा पड़ा था। फर्श पर लाल रंग का फटा हुआ टेडी बियर पड़ा था।
बताया गया कि उसी टेडी बियर के भीतर एक डिब्बे में 100 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। इसके अलावा घर से कुछ नकदी और कीमती साड़ियां भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद दासपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
















