शिमला, 06 अगस्त।
शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद की है। इस मामले में एक युवक के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में एक विधि-विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को नेरवा थाना पुलिस की टीम जमराड़ी बैरियर पर नियमित नाकाबंदी और वाहन जांच में जुटी थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 100-100 मिलीलीटर की पांच सीलबंद प्लास्टिक की बोतलें बरामद हुईं।
प्रारंभिक जांच में इन बोतलों में बिना लेबल वाला प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप होने का संदेह जताया गया है। मामले में नेरवा निवासी रवि राणा उर्फ बंटी (26) पुत्र दमर सिंह के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 22, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक की भूमिका भी सामने आई है। उसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















