शिवपुरी, 06 अगस्त।
शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर स्थित एक मंदिर में मूर्तियों के साथ कथित छेड़छाड़ कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कुंवरपुर निवासी रामकुमार शर्मा (21) ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 5 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह फेसबुक देख रहा था। इसी दौरान उसे एक वीडियो दिखाई दिया, जिसमें सोनू उर्फ मिठुआ जाटव मंदिर के भीतर धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कथित कृत्य करता हुआ दिखाई दे रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में आरोपित कथित रूप से माता पार्वती की मूर्ति के साथ अभद्र हरकत करते हुए और मूर्ति पर प्रहार करते हुए दिखाई दे रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से उसकी और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने 6 अगस्त को सिरसौद थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी है।
















