मालदा, 06 अगस्त।
मालदा जिले के गाजोल थाना क्षेत्र में पुलिस ने पीछा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर और लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई। भागने के प्रयास में एक आरोपित बाइक से गिरकर घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिद्धार्थ मंडल (26) और किशोर मंडल (27) के रूप में हुई है। सिद्धार्थ वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के बीरनगर सरकारटोला गांव का निवासी है, जबकि किशोर कालियाचक थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव का रहने वाला है। दोनों के पास से 40 लाख 69 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि दो पैकेटों से कुल 571 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की गई है। इनमें एक पैकेट में 306 ग्राम और दूसरे में 265 ग्राम मादक पदार्थ मिला।
गुप्त सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह कदुबाड़ी मोड़ पर पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रायगंज की ओर से आ रही दो बाइकों को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन दोनों चालक तेज रफ्तार से भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया, जिसके दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और उसका चालक घायल हो गया। दूसरी बाइक को रंगाभिटा इलाके में पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया है।
रंगाभिटा कुंडू पाड़ा क्षेत्र में बरामद नकदी की गिनती नोट गिनने की मशीन से कराई गई, जिसके बाद कुल राशि की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















