धर्मशाला, 06 अगस्त।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ ने डमटाल क्षेत्र में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी कर 10.96 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर गांव चक्क नांगलियां, डाकघर कन्दरोड़ी, तहसील इंदौरा स्थित एक मकान की तलाशी ली गई। जांच के दौरान घर के एक कमरे में टेलीविजन के स्पीकर के भीतर छिपाकर रखा गया 10.96 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
मामले में गिरफ्तार आरोपित की पहचान तपेश्वर सिंह उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय मदन सिंह, निवासी गांव चक्क नांगलियां, डाकघर कन्दरोड़ी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद उसके खिलाफ डमटाल थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस अवैध कारोबार में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है या नहीं।
















