भीलवाड़ा, 06 अगस्त।
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मादक पदार्थ तस्करों के बीच बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में एक तस्कर की मौत हो गई। वहीं, उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुर थाना क्षेत्र स्थित भीलवाड़ा बाईपास पर की गई।
पुलिस के अनुसार, डोडा-चूरा की तस्करी की सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ ने पुर बाईपास पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा किए जाने पर कार में सवार तस्करों ने पुलिस दल पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे महात्मा गांधी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जोधपुर जिले के भोपालगढ़ निवासी 35 वर्षीय गणपत पुत्र आलाराम के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
मुठभेड़ के दौरान कार में मौजूद दूसरा आरोपित महेंद्र गोदारा मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। वाहन के अगले शीशे पर गोली लगने के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में कार में डोडा-चूरा होने की जानकारी सामने आई है। जब्त सामग्री की जांच कराई जा रही है।
एएनटीएफ के प्रभारी राजाराम ने बताया कि कार्रवाई के समय पुलिस की दो टीमें मौके पर तैनात थीं। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर आगे नाकाबंदी देखकर तस्करों ने वाहन वापस मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी करनी पड़ी।
पुलिस को आशंका है कि तस्करों के साथ एक अन्य वाहन भी चल रहा था, जिसमें मादक पदार्थ हो सकते हैं। उसकी तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सागर राणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल जोशी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
















