कठुआ, 06 अगस्त।
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के कठुआ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक डॉ. भारत भूषण ने अपनी ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक आस्था के केंद्रों को सहेजने की मुहिम को तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में उन्होंने श्रीनगर पहुंचकर अभिलेखागार पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक केके सिधा से एक अहम मुलाकात की और विशेष तौर पर कठुआ जिले के प्राचीन मंदिरों व ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण की मांग पुरजोर तरीके से उठाई।
इस विशेष बैठक के दौरान विधायक ने ऐतिहासिक एयरवां मंदिर और नगरी परोल क्षेत्र में स्थित माता श्री बाला सुंदरी मंदिर के वैज्ञानिक संरक्षण पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने माता आशा पूर्णी, कठुआ के श्री रघुनाथ जी मंदिर, बसोहली की चंचलो देवी, बिलावर के प्राचीन शिव मंदिर और सुकराला देवी मंदिर समेत बनी-सार्थल इलाके के जोड़ियां वाली, दौलय वाली माता, शक्ति माता, धज्जी माता और नुकनाली माता मंदिरों के जीर्णोद्धार का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। विधायक ने संस्कृति विभाग द्वारा गुरु नानक देव जी के चरण स्पर्श से जुड़े ऐतिहासिक श्री चरण कमल साहिब गुरुद्वारा, धन्नी भक्ता के विकास प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिलने पर खुशी जताई और बताया कि उन्होंने इस गुरुद्वारे के विकास का मामला वर्ष 2018 में भी उठाया था। संग्रहालय विभाग के निदेशक केके सिधा ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी मामलों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।















