हैदराबाद, 06 अगस्त।
दक्षिण भारतीय अभिनेता नानी की आगामी फिल्म 'द पैराडाइज' का बहुप्रतीक्षित टीजर जारी कर दिया गया है। निर्देशक श्रीकांत ओडेला की इस तेलुगू एक्शन-ड्रामा फिल्म में नानी 'जादल' नाम के दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार में दिखाई देंगे। टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
टीजर में नानी का लंबे बाल और चोटी वाला नया लुक देखने को मिलता है। कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की झुग्गियों में रहने वाले एक हाशिए पर मौजूद समुदाय के संघर्ष पर आधारित है, जो अपने अधिकारों और पहचान के लिए लड़ता नजर आता है। इसमें एक्शन, भावनात्मक घटनाक्रम और संघर्ष की झलक दिखाई गई है।
फिल्म में राघव जुयाल मुख्य प्रतिपक्षी की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा कायाडू लोहार, सोनाली कुलकर्णी और मोहन बाबू भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' 24 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं को इस फिल्म से देशभर में व्यापक दर्शक प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है।














