भोपाल, 6 अगस्त।
भोपाल कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक कार्यों के पुनर्विन्यास के तहत कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को अधिकारियों के बीच नई जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए आदेश जारी किए। इसी क्रम में लंबे समय से कलेक्ट्रेट में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे को एमपी नगर एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधिकार क्षेत्र में एमपी नगर, हरिजन कल्याण, अवधपुरी, क्राइम ब्रांच, बाग सेवनिया, अजाक्स, महिला थाना और जीआरपी थाना शामिल रहेंगे।
इससे पहले एलके खरे एमपी नगर एसडीएम के रूप में कार्यरत थे। जुलाई में उनका अपर कलेक्टर पद पर पदोन्नति के बाद कार्यमुक्त होना हो गया था, जिसके चलते यह पद रिक्त था। अब इस दायित्व का निर्वहन निधि चौकसे करेंगी।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत संयुक्त कलेक्टर रवीशकुमार श्रीवास्तव को भी कई अहम शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें भू-संसाधन प्रबंधन, राहत एवं आपदा प्रबंधन, नजूल, आरआरसी, वक्फ संबंधी कार्य, भू-अर्जन एवं मेट्रो से जुड़े कार्यों के साथ भूमि आवंटन शाखा का प्रभार सौंपा गया है।
इसी आदेश में डिप्टी कलेक्टर लाखन चौधरी को सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, टीएल बैठक, जनसुनवाई, लोकसेवा प्रबंधन और सामान्य शिकायत शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शहर एसडीएम दीपक पांडेय को उप जिला निर्वाचन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जनगणना संबंधी कार्य भी उनके पास पूर्ववत रहेंगे।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की ओर से जारी इन आदेशों का उद्देश्य भोपाल कलेक्ट्रेट की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाना है।
















