रायपुर, 6 अगस्त।
राजधानी रायपुर में प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी डकैती की साजिश को विफल कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में वारदात की योजना बना रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नई दिल्ली निवासी देवांश शर्मा, सुशांत कुमार पासवान और बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मयंक सिंह के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष बताई गई है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के एक सदस्य ने एक अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई थीं। फरार दो अन्य साथी मोबाइल के माध्यम से लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा करते हुए योजना को अंतिम रूप दे रहे थे।
इस मामले में गुढ़ियारी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार दो आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही आरोपितों के आपसी संपर्क, तकनीकी साक्ष्यों, हथियारों की व्यवस्था और पूरी साजिश की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि समय पर की गई कार्रवाई से राजधानी में संभावित बड़ी डकैती की घटना को होने से पहले ही रोक लिया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी (उत्तर) दीपमाला कश्यप, एडीसीपी (उत्तर) आदित्य पांडेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में किया गया। कार्रवाई में गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















