Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अंतरराष्ट्रीय संबंध
06 Aug, 2026

जयपुर में ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों का संयुक्त घोषणापत्र पारित

जयपुर में आयोजित 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक में संयुक्त घोषणापत्र सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया और औद्योगिक सहयोग, नवाचार, हरित प्रौद्योगिकी तथा सतत विकास को आगे बढ़ाने पर सदस्य देशों ने साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

जयपुर, 6 अगस्त।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत गुरुवार को जयपुर में आयोजित 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में सदस्य देशों के उद्योग मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने नई औद्योगिक क्रांति, नवाचार, सतत विकास और औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। "सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण" विषय पर आयोजित बैठक के समापन पर संयुक्त घोषणापत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि जयपुर अपनी ऐतिहासिक शिल्प परंपरा और आधुनिक औद्योगिक विकास का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में ब्रिक्स देशों को अपनी साझा क्षमताओं का उपयोग करते हुए मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक क्रांति के लिए ब्रिक्स साझेदारी (पार्टनिर) सदस्य देशों के बीच तकनीक, नवाचार और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बन चुकी है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत की अध्यक्षता का उद्देश्य केवल बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे स्थायी तंत्र विकसित करना है जो उद्योग, निवेश, नवाचार और तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में दीर्घकालिक परिणाम सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने वर्ष 2025 की ब्राजील की अध्यक्षता की सराहना करते हुए कहा कि भारत उसी दिशा को आगे बढ़ाते हुए परिणाम आधारित सहयोग पर विशेष ध्यान दे रहा है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत ब्रिक्स देशों के साथ औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार भविष्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था सहयोग, नवाचार, हरित प्रौद्योगिकी और पारस्परिक विश्वास पर आधारित होगी तथा इन क्षेत्रों में ब्रिक्स देश वैश्विक नेतृत्व निभाने की क्षमता रखते हैं।

बैठक के दौरान भारत ने अपनी अध्यक्षता में पार्टनिर के अंतर्गत हुई प्रमुख प्रगति से भी सदस्य देशों को अवगत कराया। इसमें एमएसएमई कार्य समूह के सहयोगी ढांचे को अंतिम रूप देना, फोटोवोल्टिक उद्योग कार्य समूह के लिए कार्ययोजना और संदर्भ शर्तों को अपनाना तथा स्टार्टअप आधारित नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार करना शामिल रहा। इसके साथ ही मजबूत परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था, जीआईएस आधारित अवसंरचना योजना और शहरी लॉजिस्टिक्स प्रणाली को भी प्राथमिकता दी गई।

सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने औद्योगिक विकास की नीतियों, उपलब्धियों और प्राथमिकताओं को साझा किया। बैठक में डिजिटल परिवर्तन, औद्योगिक आधुनिकीकरण, हरित प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और समावेशी एवं सतत औद्योगिक विकास के लिए सहयोग बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। सभी देशों ने माना कि पार्टनिर ज्ञान साझा करने, क्षमता निर्माण और औद्योगिक नवाचार को प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच बन चुका है।

बैठक की प्रमुख उपलब्धि 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों के संयुक्त घोषणापत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किया जाना रही। इसमें औद्योगिक सहयोग को मजबूत बनाने, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहन देने, सतत विकास को बढ़ावा देने और सदस्य देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने की सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत 7 अगस्त को जयपुर में 16वीं ब्रिक्स व्यापार मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल भी शामिल होंगे। इसमें डब्ल्यूटीओ आधारित बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करने, एमएसएमई की अंतरराष्ट्रीय व्यापार में भागीदारी बढ़ाने, डिजिटल व्यापार को प्रोत्साहित करने और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

ब्रिक्स व्यापार मंत्रियों के लिए जयपुर के सिटी पैलेस और हवा महल का सांस्कृतिक भ्रमण भी प्रस्तावित है। भारत ने दोहराया कि उसकी ब्रिक्स अध्यक्षता का उद्देश्य खुली, समावेशी, पारदर्शी और नियम-आधारित वैश्विक व्यापार व्यवस्था को सशक्त बनाना तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप नवाचार आधारित औद्योगिक विकास, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और गहरे आर्थिक सहयोग को गति देना है।

|
वीडियो फीचर

भोपाल में CM मोहन यादव ने छात्रों से की खास बातचीत।


UGC Bill

आज का राशिफल

समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़