ईटानगर, 06 अगस्त।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले के पोसा और निपको कॉलोनी का दौरा कर 24 जून को बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत, पुनर्वास और बहाली कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
दौरे के समय केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य के शहरी मामलों के मंत्री बालो राजा, स्थानीय विधायक टोको तातुंग, केयी पान्योर जिले की उपायुक्त अंकिता मिश्रा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी।
विधायक टोको तातुंग ने केंद्रीय मंत्री को आपदा से सार्वजनिक ढांचे और निजी संपत्तियों को हुए नुकसान से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के सहयोग से राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों में और तेजी आएगी।
उपायुक्त अंकिता मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-13 के कई हिस्सों में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। यह मार्ग अरुणाचल प्रदेश के छह जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, इसलिए इसकी शीघ्र बहाली आवश्यक है।
वहीं, निपको के परियोजना प्रमुख मुनिन चौधरी ने केंद्रीय मंत्री को बाढ़ से कॉलोनी और परियोजना के बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने परियोजना के संचालन को दोबारा शुरू करने में आ रही चुनौतियों से भी अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान जेपी नड्डा ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण, पुनर्वास और सामान्य जनजीवन बहाल करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।














