ईटानगर, 06 अगस्त।
अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले में गुरुवार सुबह कुछ घंटों के अंतराल में पांच बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 3:40 बजे से 7:17 बजे के बीच आए इन झटकों में सबसे तेज 5.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भारतीय भूकंप विज्ञान विभाग के अनुसार पहला भूकंप सुबह 3:40 बजे आया, जिसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। इसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था। इसके बाद सुबह 3:55 बजे 3.2 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया, जिसका केंद्र 7 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।
तीसरा झटका सुबह 4:34 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.8 रही और इसका केंद्र 13 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसके बाद सुबह 5:45 बजे सबसे शक्तिशाली 5.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र जमीन से 11 किलोमीटर नीचे था।
सुबह 7:17 बजे पांचवां भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3.5 मापी गई। इसका केंद्र 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। सभी भूकंपों का केंद्र अपर सियांग जिले के आसपास दर्ज किया गया।
लगातार आए भूकंप के झटकों के बावजूद अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।














