नई दिल्ली, 06 अगस्त।
आईआरसीटीसी ने भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से 'सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा' शुरू करने की घोषणा की है। यह विशेष धार्मिक यात्रा 25 सितंबर से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। 11 दिनों की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को पश्चिमी और मध्य भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में स्थित सात ज्योतिर्लिंगों—महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर के दर्शन करेंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, रुक्मिणी देवी मंदिर, बेट द्वारका, भालका तीर्थ, एलोरा का कैलाश मंदिर और पंचवटी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
आईआरसीटीसी के अनुसार, यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए यात्रियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था विभिन्न शहरों के तीन सितारा होटलों में की गई है। भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन में एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के आधुनिक कोच, शाकाहारी भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और समर्पित टूर मैनेजर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यात्रा पैकेज की शुरुआती कीमत ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर 88,810 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। वहीं, एसी प्रथम श्रेणी में सिंगल शेयरिंग का किराया 1,34,255 रुपये तक रखा गया है। आईआरसीटीसी के अनुसार, भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे द्वारा दी जा रही लगभग 33 प्रतिशत की रियायत पहले से ही इस पैकेज में शामिल है।
पैकेज में ट्रेन यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने, शाकाहारी भोजन, वातानुकूलित वाहनों से स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा और टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं। यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल और देशभर के अधिकृत पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से की जा सकती है।














