नई दिल्ली, 18 अगस्त।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति में विभिन्न शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों के लिए आयोजित टियर-दो भर्ती परीक्षा के परिणाम का दूसरा चरण मंगलवार को जारी कर दिया। दूसरे चरण में कई पदों के परिणाम घोषित किए गए हैं।
बोर्ड के अनुसार, इस चरण में स्नातकोत्तर शिक्षक के आठ और प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक के 13 पदों के परिणाम जारी किए गए हैं। इनके अलावा सहायक अभियंता (सिविल), प्रशासनिक अधिकारी और बहुकार्य कर्मचारी सहित तीन गैर-शिक्षण पदों के नतीजे भी घोषित किए गए हैं।
स्नातकोत्तर शिक्षक वर्ग में असमिया, उर्दू, बांग्ला, गारो, जैव प्रौद्योगिकी, मणिपुरी, तमिल और तेलुगु विषयों के परिणाम शामिल हैं। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक वर्ग में मराठी, तेलुगु, असमिया, मणिपुरी, उर्दू, बांग्ला, नेपाली, गुजराती, उड़िया, कन्नड़, पंजाबी, मलयालम और तमिल विषयों के परिणाम जारी किए गए हैं।
सीबीएसई ने बताया कि अभ्यर्थी अपने आवेदन पोर्टल में प्रवेश करके संबंधित पद का परिणाम और चयन की स्थिति देख सकते हैं। जिन पदों की चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार शामिल है, उनके लिए जारी परिणाम से यह पता चलेगा कि अभ्यर्थी को साक्षात्कार के लिए चुना गया है या नहीं। अंतिम परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के भीतर अभ्यर्थियों को अंकतालिका उपलब्ध करा दी जाएगी।
जिन पदों में साक्षात्कार की आवश्यकता नहीं है, उनके लिए टियर-दो के अंक परिणाम जारी होने के साथ ही संबंधित अभ्यर्थी के प्रवेश खाते में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भर्ती अधिसूचना के अनुसार जिन पदों या संगठनों के लिए अभ्यर्थियों से वरीयता मांगी जानी है, वे निर्धारित समय में आवेदन पोर्टल पर अपनी पसंद दर्ज कर सकेंगे।
बोर्ड ने कहा कि साक्षात्कार अथवा कौशल परीक्षा वाले पदों का कार्यक्रम और प्रवेश पत्र, केवीएस तथा एनवीएस से परामर्श के बाद अंतिम रूप दिए जाने पर अभ्यर्थियों के प्रवेश खाते में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। शेष पदों के परिणाम भी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से घोषित किया जाएगा।
सीबीएसई ने अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आगामी जानकारी के लिए सीबीएसई, केवीएस और एनवीएस की आधिकारिक वेबसाइटों तथा आवेदन पोर्टल पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी है। ईएमआरएस टियर-दो भर्ती परीक्षा के नतीजे अलग से संबंधित आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जारी किए जाएंगे।














