नई दिल्ली, 22 अगस्त।
अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी-2026) में जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से परीक्षा पूरी नहीं कर सके 49 अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। प्रभावित अभ्यर्थियों की पुन: परीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10 बजे जयपुर स्थित राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमेन में आयोजित की जाएगी।
एनटीए के अनुसार, एआईएपीजीईटी-2026 की शिफ्ट-1 परीक्षा के लिए कुल 36,979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35,837 अभ्यर्थी देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। कुल 35,788 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी कर सके।
जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 192 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। हालांकि, परीक्षा के दौरान केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए।
एनटीए ने बताया कि बिजली संबंधी समस्या परीक्षा संचालन एजेंसी मेसर्स एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी थी। एजेंसी ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है।
एनटीए ने कहा कि दोबारा परीक्षा के लिए संबंधित अभ्यर्थियों को नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। इन प्रवेश पत्रों में परीक्षा केंद्र सहित अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
अभ्यर्थी परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।














