प्रयागराज, 25 अगस्त।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 01/2022 के तहत प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती के 12 विषयों में 2134 पदों का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग वर्गवार कटऑफ भी घोषित किया है।
कटऑफ के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि कई विषयों में सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच अंतर काफी कम रहा है। अलग-अलग विषयों और वर्गों के अनुसार यह अंतर 4 से 20.160 अंकों तक दर्ज किया गया है।
इस भर्ती में कला, कृषि और शारीरिक शिक्षा जैसे विषयों में अन्य पिछड़ा वर्ग का कटऑफ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से भी अधिक रहा। वहीं कई विषयों में अन्य पिछड़ा वर्ग का कटऑफ सामान्य वर्ग के काफी करीब रहा है।
विज्ञान विषय में सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच सबसे बड़ा अंतर देखने को मिला। पुरुष वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 362.880 अंक रहा, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग का कटऑफ 342.720 अंक रहा। दोनों वर्गों के बीच 20.160 अंकों का अंतर रहा। महिला वर्ग में भी विज्ञान विषय में सामान्य वर्ग का कटऑफ 342.720 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 322.560 अंक रहा।
सामाजिक विज्ञान विषय में सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच 16 अंकों का अंतर रहा। पुरुष वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 404 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 388 अंक रहा, वहीं महिला वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 400 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 384 अंक रहा।
गणित विषय में दोनों वर्गों के बीच अंतर काफी कम रहा। पुरुष वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 456 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 448 अंक रहा। महिला वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 452 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 448 अंक रहा। इस विषय में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग दोनों का कटऑफ 448-448 अंक रहा।
कला विषय में पुरुष वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 480 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 476 अंक रहा। महिला वर्ग में दोनों वर्गों का कटऑफ 476-476 अंक रहा।
कटऑफ की तुलना में सबसे खास स्थिति अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बीच देखने को मिली। कला विषय में पुरुष वर्ग में अन्य पिछड़ा वर्ग का कटऑफ 476 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का 472 अंक रहा। कृषि विषय में अन्य पिछड़ा वर्ग का कटऑफ 452 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का 448 अंक रहा। शारीरिक शिक्षा में अन्य पिछड़ा वर्ग का कटऑफ 384 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का 376 अंक रहा। उर्दू विषय में दोनों वर्गों का कटऑफ 452-452 अंक रहा।
हालांकि, सभी विषयों में ऐसा नहीं रहा। कई विषयों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का कटऑफ अन्य पिछड़ा वर्ग से अधिक भी रहा है।
शारीरिक शिक्षा विषय में पुरुष और महिला वर्ग के कटऑफ में अलग-अलग रुझान देखने को मिले। पुरुष वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 392, अन्य पिछड़ा वर्ग का 384 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का 376 अंक रहा। वहीं महिला वर्ग में सामान्य वर्ग का कटऑफ 396, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का 388 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 380 अंक रहा।
महिला वर्ग में संगीत गायन विषय का कटऑफ सबसे अधिक रहा। इसमें सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का कटऑफ 484, अन्य पिछड़ा वर्ग का 480 और अनुसूचित जाति का 476 अंक रहा। पुरुष वर्ग में वाणिज्य विषय का सामान्य वर्ग कटऑफ 492 अंक रहा, जो उपलब्ध विषयों में सबसे अधिक है।
कई विषयों में सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच अंतर काफी कम रहा। कला और गणित जैसे विषयों में यह अंतर चार अंक तक रहा, वहीं विज्ञान विषय में यह अंतर सबसे ज्यादा 20.160 अंक तक पहुंच गया।















