खातेगांव, 05 सितंबर।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण तथा बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही हैं। खातेगांव में निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि आरसेटी के माध्यम से महिलाओं को सिलाई और सौंदर्य प्रसाधन संबंधी प्रशिक्षण निःशुल्क दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान आवास और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अपना कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक सहयोग और बैंकों के माध्यम से ऋण दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
चौहान ने खातेगांव के साथ विदिशा, सीहोर और रायसेन के प्रशिक्षण केंद्रों का भी आभासी माध्यम से शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लखपति दीदी अभियान के तहत 50 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया और रोजगार के लिए दो लाभार्थियों को ऋण के चेक भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने चौहान को राखी बांधी। मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।















