कोलकाता, 17 सितंबर।
पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है और गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की भविष्यवाणियों के मुताबिक, दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।
राज्यभर में आज दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। राजधानी कोलकाता में आज न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके अलावा, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है, तथा कुछ खास इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया और बर्धमान समेत तमाम जिलों में मेघगर्जन के साथ पानी बरसने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि दक्षिण बंगाल में बारिश के बावजूद उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। खराब मौसम और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता को सलाह दी है कि वे गरज के समय खुले आसमान के नीचे या पेड़ों की शरण लेने से बचें।















