मुंबई, 18 सितंबर।
घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई, लेकिन खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों कुछ ही देर में हरे निशान में पहुंच गए। हालांकि ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली शुरू होने से दोनों सूचकांकों की बढ़त कुछ कम हुई। सुबह 10 बजे सेंसेक्स 165.32 अंक यानी 0.22 प्रतिशत बढ़कर 74,501.77 अंक और निफ्टी 77.80 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,295.40 अंक पर कारोबार कर रहा था।
बीएसई का सेंसेक्स 153.83 अंक यानी 0.21 प्रतिशत टूटकर 74,182.62 अंक पर खुला था। शुरुआती खरीदारी के चलते पहले 20 मिनट में यह 350 अंक से अधिक चढ़कर 74,537.60 अंक तक पहुंच गया, लेकिन इसके बाद मुनाफावसूली से दबाव बढ़ा। इसी तरह निफ्टी 22.35 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,195.25 अंक पर खुला और खरीदारी के सहारे 105 अंक से अधिक उछलकर 23,303.85 अंक तक पहुंचा। सुबह 10 बजे तक 2,801 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 2,190 शेयर बढ़त और 611 शेयर गिरावट में रहे। सेंसेक्स के 30 में से 20 और निफ्टी के 50 में से 35 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
दिग्गज शेयरों में एटरनल, श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एचडीएफसी लाइफ में 2.16 प्रतिशत से 1.50 प्रतिशत तक की मजबूती रही। दूसरी ओर ओएनजीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजी, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस और कोल इंडिया के शेयर 1.49 प्रतिशत से 0.52 प्रतिशत तक कमजोर रहे। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 332.63 अंक यानी 0.45 प्रतिशत चढ़कर 74,336.45 अंक और निफ्टी 99 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,217.60 अंक पर बंद हुआ था।
















