नई दिल्ली, 21 सितंबर।
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख रहा। कारोबार की शुरुआत मिली-जुली रही, लेकिन बाजार खुलने के बाद खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी आ गई। सुबह करीब 10 बजे मुनाफावसूली के कारण थोड़ी नरमी आई, फिर भी दोनों सूचकांक बढ़त में बने रहे।
पहले घंटे का कारोबार पूरा होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 362.65 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,657.61 अंक पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी भी 26.80 अंक यानी 0.11 प्रतिशत चढ़कर 23,373.20 अंक पर पहुंच गया था।
बीएसई का सेंसेक्स 240.22 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,535.18 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के बीच यह करीब 500 अंक उछलकर 74,787.26 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफावसूली शुरू होने से सूचकांक में मामूली गिरावट आई।
एनएसई का निफ्टी 16.20 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,330.20 अंक पर खुला था। बाजार खुलते ही खरीदारी लौटने से निफ्टी जल्द ही हरे निशान में आ गया। सुबह करीब 10 बजे यह लगभग 65 अंक की छलांग लगाकर 23,410.75 अंक तक पहुंचा।
इसके बाद मामूली बिकवाली के चलते निफ्टी की बढ़त कुछ कम हुई। हालांकि शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद भी सूचकांक मजबूती के साथ कारोबार करता रहा।
बाजार में कुल 2,938 शेयरों में कारोबार हो रहा था। इनमें 1,665 शेयर बढ़त में और 1,273 शेयर गिरावट में थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 26 हरे निशान में और चार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी के 50 शेयरों में 34 में तेजी और 16 में गिरावट रही।
प्रमुख शेयरों में सन फार्मास्युटिकल्स, एचडीएफसी लाइफ, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजी और इंटरग्लोब एवियेशन 2.30 प्रतिशत से 1.59 प्रतिशत तक मजबूत रहे। दूसरी ओर भारती एयरटेल, अदानी पोर्ट्स, विप्रो, इन्फोसिस और टीएमपीवी के शेयर 2.59 प्रतिशत से 1.14 प्रतिशत तक कमजोर रहे।
इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 19.63 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 74,294.96 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 75.80 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,346.40 अंक पर बंद हुआ था।
















