नोएडा, 25 सितंबर।
पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आज से शुरू हो रहा है। एक्सपो मार्ट में आयोजित इस आयोजन की सुरक्षा के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे परिसर की सुरक्षा को 12 सेक्टर में बांटकर करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एसपी स्तर के अधिकारी को दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी की एक बटालियन भी लगाई गई है।
ट्रेड शो की सुरक्षा के लिए एटीएस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें तैनात की गई हैं। परिसर और आसपास के इलाकों पर ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार ट्रेड शो में विदेशी मेहमानों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। उनकी सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
एक्सपो मार्ट आने वाले लोगों को यातायात संबंधी परेशानी से बचाने के लिए जरूरी स्थानों पर यातायात मार्गों में बदलाव किया गया है। पुलिस ने आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक प्रबंध किए हैं।












