काठमांडू, 25 सितंबर।
नेपाल के कोसी बैराज में पानी का बहाव बढ़ने के बाद 31 फाटक खोल दिए गए हैं। बैराज में फिलहाल 2 लाख 40 हजार क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया है और स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) ईश्वरीप्रसाद अर्याल ने बताया कि पिछले वर्षों में कोसी में 5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी का बहाव भी दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने बताया कि कोसी पुल से होकर वाहनों की आवाजाही अभी जारी है। फिलहाल वाहनों को रोकने की स्थिति नहीं बनी है। हालांकि, पानी का बहाव और बढ़ने पर आवश्यकता के अनुसार फैसला लिया जाएगा।
इस बीच, मौसम विज्ञान विभाग ने सप्तकोसी में बाढ़ का स्तर लगातार बढ़ने को देखते हुए निचले तटीय इलाकों और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में परसों तक उच्च सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है।












