काठमांडू, 25 सितंबर।
नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राजधानी काठमांडू को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्गों पर यातायात बंद हो गया है। पृथ्वी राजमार्ग, कान्ति लोकपथ और बीपी राजमार्ग भूस्खलन के कारण पूरी तरह अवरुद्ध हैं।
धादिंग जिले में कृष्णभीर समेत सात स्थानों पर रात के दौरान पत्थरों के साथ भूस्खलन हुआ। इसके चलते पृथ्वी राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
पृथ्वी राजमार्ग पर गुरुवार शाम से ही रातभर यातायात बंद रखा गया था। शुक्रवार सुबह पांच बजे इसे दोबारा खोलने की तैयारी थी, लेकिन लगातार बारिश और नए भूस्खलन के कारण अब इसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
धादिंग जिला प्रशासन ने शुक्रवार सुबह सूचना जारी कर पृथ्वी राजमार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। प्रशासन ने यह फैसला मौसम की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कृष्णभीर क्षेत्र में 26 अगस्त को त्रिशूली नदी के कटाव से सड़क का एक हिस्सा धंस गया था। करीब दो सप्ताह बाद वहां डायवर्जन तैयार कर यातायात बहाल किया गया था।
अब लगातार बारिश के दौरान उसी डायवर्जन के साथ आसपास के दूसरे हिस्सों में भी भूस्खलन हुआ है। इससे इस मार्ग पर यातायात फिर बाधित हो गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है।












