भोपाल, 28 सितंबर।
भोपाल में अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत नगर निगम की कार्रवाई सोमवार को भी जारी रही। सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन से मिली शिकायतों के साथ नियमित अभियान के दौरान शहर के कई इलाकों में अवैध निर्माण और सड़क-फुटपाथ पर किए गए कब्जे हटाए गए। कार्रवाई में आठ ठेले जब्त किए गए।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर टीमों ने 1100 क्वार्टर, बिट्ठल मार्केट, नेहरू नगर, माता मंदिर, न्यू मार्केट, एमपी नगर, आईएसबीटी, रायसेन रोड, अवधपुरी, अशोका गार्डन, रेलवे स्टेशन, रॉयल मार्केट, लालघाटी और बैरागढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
बैरागढ़ भैंसाखेड़ी में दो अस्थायी छप्पर हटाए गए। नेहरू नगर स्थित हजेला अस्पताल के सामने लगी लोहे की जालियां हटाईं गईं। गौरागांव सूरज नगर में सीवेज लाइन के ऊपर बनाई गई बाउंड्रीवाल हटाई गई। सेमरा और हथाईखेड़ा में अवैध चबूतरे हटाए गए।
अवधपुरी में आवागमन में बाधक दो चार पहिया वाहन और निर्माण सामग्री हटाई गई। श्रीराम कॉलोनी में अस्थायी तार फेसिंग हटाई गई। लालघाटी गुफा मंदिर क्षेत्र में सोसायटी का बंद गेट खुलवाया गया।
नगर निगम ने सड़क और फुटपाथ पर रखे ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सियां और टेबल भी हटाए। फुटपाथ पर लगी फल, सब्जी और कपड़ों की दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।














