भोपाल, 29 सितंबर।
मध्य प्रदेश पुलिस के 100 अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार को सम्मान के लिए चयनित अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची जारी की। इनमें पुलिस महानिरीक्षक स्तर के पांच, उप पुलिस महानिरीक्षक स्तर के छह, पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त, सेनानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के नौ तथा उप पुलिस अधीक्षक स्तर के आठ अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा 14 निरीक्षक, 26 उप निरीक्षक, सात सहायक उप निरीक्षक, 12 प्रधान आरक्षक और 13 आरक्षकों का भी सम्मान के लिए चयन हुआ है। यह चयन नवंबर 2025 में किए गए उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क सम्मान वर्ष 2002 से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किया जा रहा है। इसमें दस्यु विरोधी, नक्सल विरोधी और अन्य अभियानों में उल्लेखनीय उपलब्धि, प्राकृतिक आपदा के दौरान सराहनीय कार्य, खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना, पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार के लिए नए प्रयोग, 15 वर्षों तक लगातार उत्कृष्ट और स्वच्छ सेवा अभिलेख, 15 वर्षों तक दुर्घटनारहित वाहन संचालन, अनसुलझे मामलों को सुलझाने तथा अन्य प्रशंसनीय कार्य शामिल हैं। इस बार चयनित सभी 100 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रावधानों के तहत यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।














