भोपाल, 29 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को परियोजना जेपी नगर के चार भवन, नारियलखेड़ा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद आलोक शर्मा के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में महापौर मालती राय, पार्षद देवेंद्र भार्गव, परियोजना अधिकारी धर्मेंद्र अग्रवाल, पर्यवेक्षक श्रद्धा मेहता, डॉ. जितेंद्र सैनी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। करीब 200 लोगों की सहभागिता वाले कार्यक्रम की शुरुआत सहजन का पौधा रोपने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार पोषण व्यंजन प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। प्रदर्शनी में घरेलू सामग्री से पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार करने के तरीके बताए गए। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर ब्लड प्रेशर, एनीमिया समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की और लोगों को पोषण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का संदेश भी उपस्थित लोगों को सुनाया गया।
आंगन मिलन कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा ने बच्चों से संवाद कर उन्हें खिलौने, फल और मिष्ठान वितरित किए। बच्चों और माताओं का गुलाब की पंखुड़ियों एवं ढोल की थाप के साथ स्वागत किया गया। परियोजना अधिकारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि जेपी नगर परियोजना के आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिले में अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित करते हुए तीन-तीन परियोजनाओं में तीन-तीन दिन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में 17 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं तीन बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण पत्र दिए गए। सांसद ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने और अधिक से अधिक हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया। अंत में प्रतिभागियों को पोषण शपथ दिलाई गई।














