भोपाल, 30 सितंबर।
मध्य प्रदेश में नर्सिंग विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है। परिणाम जारी होने से उनकी आगे की पढ़ाई, उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर से जुड़ी बाधाएं दूर हुई हैं। परिणाम घोषित होने के बाद नर्सिंग विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतिनिधियों ने बुधवार को भोपाल स्थित उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के निवास कार्यालय पहुंचकर उनका आभार जताया।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने परीक्षा परिणाम जारी होने पर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता देते हुए न्यायालय के समक्ष छात्र हित का पक्ष मजबूती से रखा था। न्यायालय के आदेश के पालन में परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं।
शुक्ल ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है तथा आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी। विद्यार्थियों और प्रतिनिधियों ने कहा कि परिणाम आने से उन्हें बड़ी राहत मिली है और आगे की शिक्षा तथा करियर का रास्ता साफ हुआ है।
विद्यार्थियों और प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उप मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने छात्र हित में किए गए प्रयासों के लिए भी आभार व्यक्त किया।














