भोपाल, 30 सितंबर।
राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर मंगलवार देर रात सोयाबीन तेल से भरा टैंकर टायर फटने के बाद पलट गया। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। टैंकर के पलटते ही बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया।
तेल सड़क पर फैलने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। कई लोग डिब्बे, बाल्टी और दूसरे बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर फैला तेल भरते दिखाई दिए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की संख्या बढ़ गई और तेल भरने के लिए कतार जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में टैंकर चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर रेत घाट से लालघाटी की ओर जा रहा था। कोहेफिजा चौराहे के पास अचानक उसका टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क पर पलट गया।
टैंकर के पलटने से सड़क पर तेल फैलने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार टैंकर में कुल कितना सोयाबीन तेल था और हादसे के बाद कितना तेल सड़क पर फैला, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। टैंकर को हटाने के साथ सड़क को सुरक्षित करने की कार्रवाई भी की गई।














