भोपाल, 30 सितंबर।
‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित अंतरराज्यीय सामाजिक माध्यम प्रभावक आदान-प्रदान कार्यक्रम में ओडिशा से आए 28 सदस्यीय दल ने बुधवार को भोपाल की आधुनिक अधोसंरचना और विभिन्न विकास परियोजनाओं का भ्रमण किया। दल को परिवहन व्यवस्था, स्कूली शिक्षा, आयुर्वेद चिकित्सा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मध्य प्रदेश के विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और प्राकृतिक धरोहर से दूसरे राज्यों के प्रतिनिधियों को परिचित कराना है।
दल ने राजा भोज सेतु का निरीक्षण कर उसकी केबल-स्टेड तकनीक और निर्माण की विशेषताओं को जाना। इसके बाद राजा भोज मार्ग से गुजरते हुए सदस्यों ने भोजताल का प्राकृतिक सौंदर्य देखा। टीटी नगर स्थित कमला नेहरू सांदीपनि विद्यालय में दल ने आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। विद्यालय की प्राचार्य संगीता सक्सेना ने सदस्यों को स्कूली शिक्षा में किए जा रहे सुधारों और सांदीपनि विद्यालयों की विशेषताओं की जानकारी दी।
इसके बाद दल पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वायत्त आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय पहुंचा। प्राचार्य उमेश शुक्ला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संस्थान की शैक्षणिक और चिकित्सकीय गतिविधियों की जानकारी दी। सदस्यों ने पंचकर्म केंद्र का भ्रमण कर पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार, कायाकल्प चिकित्सा और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इससे पहले सुबह दल ने भोजताल के किनारे स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण किया। सदस्यों ने प्राकृतिक वातावरण में वन्यजीवों को देखा और भोपाल की प्राकृतिक संपदा से परिचित हुए। ओडिशा के सामाजिक माध्यम प्रभावकों ने भोपाल की आधुनिक अधोसंरचना, शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय सुविधाओं, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भ्रमण को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें मध्य प्रदेश के विकास कार्यों और राजधानी की विशेषताओं को समझने का अवसर मिला।














