भोपाल, 02 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती आज शुक्रवार को देशभर में मनाई जा रही है। महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 और लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को हुआ था। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महान विभूतियों को याद करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के माध्यम से उन्होंने मानवता और विश्व शांति को नई दिशा दी। उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार सत्य, शांति, स्वच्छता और सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बापू के आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के हित में योगदान देने का आह्वान किया।
एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शास्त्री जी की सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और समृद्धि में सैनिकों तथा किसानों के योगदान के सम्मान की प्रेरणा देता है।














